Sitapur UP: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर खैराबाद में जनसंवाद कार्यक्रम व टेड़वा चिलौला में रात्रि चौपाल आयोजित

प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने गिनाईं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र और योजनाओं का लाभ

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद सीतापुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। खैराबाद स्थित भूभिजा हाल में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम तथा विकास खंड खैराबाद के ग्राम टेड़वा चिलौला में रात्रि चौपाल आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। दोनों कार्यक्रमों की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने की।

भूभिजा हाल में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन का मूल मंत्र बनाकर कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उसे आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने सुरक्षा, आधारभूत संरचना, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड तथा अन्य लाभ वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण पोटली भी प्रदान की गई।

इसके बाद ग्राम टेड़वा चिलौला में आयोजित रात्रि चौपाल में प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, सड़क, कृषि, राजस्व, राशन वितरण और पेंशन से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनसुनवाई और जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

इस अवसर पर नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विभिन्न विधायकगण, सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related posts