बछरावां क्षेत्र का मामला, पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी जांच।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया है। कथित रूप से प्रेमी की धमकी और विवाह से इनकार से आहत होकर एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।परिजनों के अनुसार युवती का काफी समय से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था।
आरोप है कि बीते कुछ दिनों से युवक उससे दूरी बनाने लगा था और विवाह करने से भी मना कर दिया। सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई। परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने युवती को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई।इसके कुछ देर बाद युवती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
