जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। महराजगंज ब्लॉक क्षेत्र की ओई ग्राम पंचायत स्थित कंसमीरा के लॉर्ड बुद्धा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच में डिघौरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओसाह को 38 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी मौजूद रहे,
जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।फाइनल मुकाबले में ओसाह टीम के कप्तान अमरजीत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए निखिल अवस्थी की कप्तानी वाली डिघौरा टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 84 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओसाह की टीम डिघौरा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 8 ओवर के भीतर ही पूरी टीम ऑलआउट हो गई। इस तरह डिघौरा ने 38 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी पहुंचे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं में छोटे-छोटे खेल स्टेडियम विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा,
जिससे गांवों के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें और उनकी प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सके।
