घर में घुसकर मारपीट का आरोप, जमीन विवाद में वीडियो वायरल।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। थाना डीह क्षेत्र के ग्राम पोठई में जमीन की हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की, महिलाओं के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।ग्राम पोठई निवासी दीपक सिंह पुत्र बहादुर सिंह तिवारी के अनुसार, 12 जुलाई की शाम करीब छह बजे जमीन की हिस्सेदारी को लेकर विवाद हुआ था।

सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर लौट गए। आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद गांव के वीरेंद्र बहादुर सिंह, उनकी पत्नी रेखा सिंह और बेटी रश्मि सिंह उनके घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, मोबाइल छीनने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित दीपक सिंह ने मामले की लिखित शिकायत थाना डीह में देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts