जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार पासी के नेतृत्व में सोमवार को महराजगंज तहसील परिसर में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए सात सूत्रीय मांगें रखीं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार पासी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, किसानों, बिजली उपभोक्ताओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस जनता के साथ संघर्ष करती रहेगी।ज्ञापन में मेरठ के एसएसपी पर कथित अन्यायपूर्ण एवं संविधान विरोधी कार्रवाई का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
साथ ही ललिता गौतम हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, प्रदर्शनकारियों एवं अधिवक्ता रवि गौतम पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने, सलोन थाना क्षेत्र के खमरिया पूरे कुशल में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे निरस्त करने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने बिना पूर्व सूचना बिजली के बिलों में कथित मनमानी लोड वृद्धि, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने तथा घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की मांग भी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
