राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने भैंसों से भरी पिकअप पकड़ी, पशु क्रूरता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां, रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार की दुग्ध विकास एवं पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने सोमवार को बांदा-बहराइच हाईवे पर पश्चिम गांव के पास भैंसों से बेतरतीब ढंग से लदी एक पिकअप को रुकवाकर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने अपने काफिले का वाहन पिकअप के आगे लगवाकर उसे रुकवाया और तत्काल स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया।

पुलिस की जांच में पिकअप पर आधा दर्जन भैंसें मानकों के विपरीत और अमानवीय तरीके से लदी मिलीं। पशुओं के साथ क्रूरता देख राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने पिकअप और उसमें लदी भैंसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। पूछताछ में चालक राहुल ने बताया कि वह ताला गांव से भैंसों को लादकर चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास तिराहे के पास छोड़ने जा रहा था, जहां उन्हें एकत्र किया जाता है।

थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि पिकअप वाहन और भैंसों को कब्जे में लेकर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास के पास स्थित एक बाड़े में पहले पशुओं को एकत्र किया जाता है और बाद में उन्हें अन्य जनपदों के लिए भेजा जाता है। पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related posts