गांव में निकला विशालकाय अजगर, रातभर दहशत में रहे ग्रामीण; वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां, रायबरेली। थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा मजरे पस्तौर गांव में रविवार देर रात करीब 10 बजे गांव के किनारे एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, लेकिन विभागीय कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार कर्मचारियों ने रात में आने के बजाय सुबह रेस्क्यू करने की बात कही और तब तक अजगर पर नजर बनाए रखने की सलाह दी। इससे पूरी रात ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में रहे।घटना को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

वन विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts