जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू की पूर्व छात्रा पूर्णिका शुक्ला ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से विद्यालय, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में एम.कॉम. परीक्षा में 83.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर उन्हें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तीन स्वर्ण पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 की मेधावी छात्रा पूर्णिका शुक्ला को विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। दीक्षांत समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी भी मौजूद रहे। यह सम्मान केवल उन विद्यार्थियों को दिया जाता है जिन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता का सर्वोच्च स्तर हासिल किया हो।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य राजीव सिंह एवं उप-प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव छात्रा के आवास पहुंचे और उन्हें बधाई देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्णिका की सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
पूर्णिका शुक्ला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा विद्यालय से मिले मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।
