22 लाख के अंत्येष्टि स्थल निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम ने बैठाई जांच

13 लाख रुपये निकाले जाने के बावजूद अधूरे निर्माण का दावा, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। विकासखंड राही की ग्राम पंचायत जगदीशपुर में करीब 22 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे अंत्येष्टि स्थल के निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों ने प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले निर्माण के नाम पर करीब 13 लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई, लेकिन मौके पर उसके अनुरूप कार्य नहीं कराया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य आज भी अधूरा है, जबकि शासन को कार्य पूर्ण होने की रिपोर्ट भेज दी गई।मामले की शिकायत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने बताया कि ग्राम पंचायत जगदीशपुर के अंत्येष्टि स्थल निर्माण को लेकर मिली शिकायतों में ग्राम पंचायत सचिव पर धनराशि निकालने के बावजूद मानक के अनुरूप निर्माण न कराने का आरोप लगाया गया है।

सीडीओ ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को सौंपी गई है। जांच में निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति, खर्च की गई धनराशि, गुणवत्ता और शासन को भेजी गई रिपोर्ट का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर उठाए गए सवालों की भी तकनीकी जांच कराई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि सरकारी धन के दुरुपयोग, लापरवाही या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले में बीडीओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

Related posts