जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले में सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है। माइनर में निर्धारित क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण कोरचंदामऊ जाने वाले मार्ग पर नहर की पटरी कट गई, जिससे सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी भर गया। मार्ग जलमग्न होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है ।
और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को हुई। सुबह घर से स्कूल के लिए निकले कई बच्चे रास्ते में पानी भरा होने के कारण आगे नहीं बढ़ सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए विभाग से तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है।
वहीं, माइनर का पानी आसपास के खेतों में फैल जाने से सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी और नहर की पटरी की मरम्मत नहीं कराई गई तो तैयार हो रही फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।ग्रामीणों का आरोप है कि सिंचाई विभाग को समय रहते स्थिति की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पटरी की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव की समस्या दूर की जाए और किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
