टीवी चैनल के लिए प्रशिक्षण सामग्री तैयार करेंगी शिक्षिका महिमा सिंह

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्ट सुधीर शर्मा

बाराबंकी। केंद्र सरकार की पीएम ई-विद्या योजना के तहत डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षकों को टीवी चैनलों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड त्रिवेदीगंज के प्राथमिक विद्यालय पूरेघीसा की शिक्षिका श्रीमती महिमा सिंह का भी प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया।

लखनऊ में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षिका महिमा सिंह ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनलों के लिए विषयवार शिक्षण सामग्री एवं वीडियो कंटेंट तैयार करने, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा बच्चों के लिए रोचक एवं सरल शिक्षण सामग्री निर्माण की जानकारी दी गई।

पीएम ई-विद्या का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों तक विभिन्न डिजिटल माध्यमों से गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री पहुंचाना है। डीटीएच टीवी चैनल विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं, जहां इंटरनेट की सुविधा सीमित है।

शिक्षिका महिमा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल माध्यमों से शिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने की तकनीकों को सीखने का अवसर मिला। उनका प्रयास रहेगा कि प्रशिक्षण में प्राप्त अनुभव का उपयोग बच्चों के लिए सरल, रोचक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री तैयार करने में किया जाए।

उन्होंने कहा कि टीवी के माध्यम से शैक्षिक सामग्री उपलब्ध होने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी बिना इंटरनेट के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री तक पहुंच मिल सकती है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से शिक्षकों की डिजिटल दक्षता बढ़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Related posts