शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दरवाजा न खुलने से कार में फंसे रहे युवक
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में बरियारपुर मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कार सवार युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के विजय नगर निवासी राज नारायण वर्मा कार से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरियारपुर मोड़ के पास अचानक उनकी कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद कार का दरवाजा नहीं खुल सका, जिसके कारण राज नारायण वर्मा कार के अंदर ही फंस गए। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने वाहन में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने की व्यवस्था और वाहन सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
