डीएम के निरीक्षण के बाद नवोदय विद्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त

बच्चों से किया वादा निभाया, पंखे, वाटर कूलर और ग्राउंड की सफाई समेत कई समस्याओं का हुआ समाधान

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। विकासखंड ऐलिया के ग्राम हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानी थीं। बच्चों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विद्यालय में विद्युत पंखे, वाटर कूलर, ग्राउंड की साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता में भी सुधार सुनिश्चित किया गया है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों का निस्तारण किए जाने से विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है।

जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों से किए गए वादे को पूरा करने के लिए त्वरित कार्रवाई की गई है। विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शेष आवश्यक कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। प्रशासन ने कहा कि बच्चों की सुविधाओं और बेहतर शिक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाए जाएंगे।

Related posts