मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी, ड्रेस के लिए भी दोगुनी हुई राशि; सीतापुर में पांच रसोइयों को किया गया सम्मानित
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अधिकारियों, शिक्षकों और रसोइयों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद जनपद स्तर पर पांच रसोइयों को रसोइया परिधान किट, जिसमें साड़ी, एप्रन, ग्लव्स और हेड कवर आदि शामिल हैं, प्रदान की गई। साथ ही बढ़े हुए मानदेय की प्रतीकात्मक चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों को अब पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इनमें करीब 93 प्रतिशत महिलाएं हैं।
रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 प्रतिमाह की वृद्धि की गई है, जिससे अब कुल मानदेय ₹3,000 प्रतिमाह हो गया है। वहीं ड्रेस/साड़ी के लिए दी जाने वाली राशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई है।
कार्यक्रम में रसोइयों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में उठाए गए कदमों को रेखांकित किया गया। रसोइयों की कार्यक्षमता एवं पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए किचेन गार्डन और पाक कला प्रतियोगिता शुरू किए जाने के साथ पोषण संबंधी विषयों पर फिल्मों के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा, बढ़ा हुआ मानदेय, दुर्घटना बीमा और ड्रेस के लिए बढ़ी धनराशि से रसोइयों को सीधे लाभ मिलने की बात कही गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइया, शिक्षक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
