पोषण योजनाओं की समीक्षा के साथ मतदाता सूची दुरुस्त कराने पर डीएम का जोर

आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण और कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के निर्देश, 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में जनपद में संचालित पोषण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानक के अनुसार पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बच्चों का वजन एवं लंबाई नियमित रूप से मापने, गंभीर कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, पोषाहार वितरण, बच्चों की उपस्थिति और अभिलेखों का सत्यापन करने को कहा।

वहीं, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आलेख्य मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जांचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। नागरिक अपने संबंधित मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम एवं विवरण की जांच कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर फार्म-6 तथा नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है। विशेष रूप से ऐसे युवा, जो आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन अवश्य करें। एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदेय स्थलों पर दर्ज होने की स्थिति में भी संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फार्म-8 के माध्यम से आवश्यक स्थानांतरण कराया जा सकता है।

जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को पोषण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और कुपोषण की स्थिति में सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन कर नाम एवं विवरण की जांच अवश्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सके।

Related posts