रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज /रायबरेली।महराजगंज-इंहौना मार्ग पर शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक का पैर टूट गया, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति भी चोटिल हो गया। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महीपतगंज मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी सचिन (30) अपने रिश्तेदार हेमराज निवासी गाजीपुर के साथ बाइक से महराजगंज से मऊ की ओर जा रहा था। देर शाम जब उनकी बाइक पूरेऔसेरी गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में सचिन का दाहिना पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसमें फ्रैक्चर हो गया। वहीं हेमराज को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज भेजा।सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सचिन की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि उसका उपचार जारी है।कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। घायल युवक का इलाज चल रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
