लाइट की व्यवस्था न होने पर रोड जाम, डीएम से मिलने की मांग; विद्यालय प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर समोधा के छात्र-छात्राएं गुरुवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए। विद्यालय में लंबे समय से विद्युत व्यवस्था ठप होने से नाराज सैकड़ों बच्चों ने बछरावां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। छात्रों का कहना था कि बिजली न होने के कारण पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य अंधकार में जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों ने विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बाबू बृजेश प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें किताबें छोड़कर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। वहीं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया,
लेकिन बच्चे अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक विद्यालय में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक पढ़ाई सुचारु रूप से संभव नहीं है।छात्रों ने जिलाधिकारी से सीधे मिलकर अपनी समस्याएं बताने की गुहार लगाई और जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। छात्रों और अभिभावकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर विद्यालय की विद्युत व्यवस्था बहाल कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की मांग की है।
