31 अगस्त से घर से गायब थी दिव्या प्रजापति, शव मिलने से गांव में पसरा मातम।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज /रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहरामपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब 31 अगस्त से लापता चल रही युवती का शव गांव के पास नदी में बरामद हुआ। शव की पहचान बहरामपुर निवासी मुन्ना प्रजापति की 20 वर्षीय पुत्री दिव्या प्रजापति के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार दिव्या 31 अगस्त को अचानक घर से कहीं चली गई थी और वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पिछले कई दिनों से परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन बुधवार को मिली खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीणों ने नदी में एक युवती का शव उतराता देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव का माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में लोग मृतका के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने लगे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
