ट्रेन के आगे कूदा युवक, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा।

इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी गई ट्रेन, युवक का एक पैर कटा; स्टेशन पर मची अफरा-तफरी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लालगंज /रायबरेली। लालगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया, जब एक युवक अचानक चलती ट्रेन के सामने कूद गया। युवक को पटरी पर आता देख ट्रेन चालक ने तत्काल सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। चालक की तत्परता से ट्रेन की रफ्तार कम हो गई और एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इसके बावजूद युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।हादसे में युवक का एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने अचानक पटरी पर छलांग लगा दी, जिससे ट्रेन चालक को आपातकालीन ब्रेक लगाने पड़े। यदि चालक समय रहते ब्रेक न लगाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। चालक की सजगता की वजह से ट्रेन कुछ ही दूरी पर रुक गई और कई यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस युवक की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय तक लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

Related posts