इलेक्ट्रॉनिक तकनीक से लग्जरी कारें उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह दबोचा

रायबरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी की क्रेटा और आई-20 कार बरामद; तीन शातिर गिरफ्तार।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लग्जरी वाहनों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो कारें बरामद की हैं।

सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजल उर्फ बॉबी निवासी मुरादाबाद, अंकुर उर्फ गौरव प्रताप सिंह निवासी बछरावां (रायबरेली) तथा प्रेमाराम निवासी जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात के समय सुनसान इलाकों में खड़ी महंगी कारों को निशाना बनाते थे। आरोपी आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और तकनीक का इस्तेमाल कर वाहनों के सुरक्षा सिस्टम को निष्क्रिय कर कुछ ही मिनटों में कार चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को दूसरे राज्यों में ले जाकर ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बरामद क्रेटा कार के संबंध में कोतवाली नगर रायबरेली में मुकदमा दर्ज है, जबकि आई-20 कार चोरी के मामले में लखनऊ के पीजीआई थाने में अभियोग पंजीकृत है। बरामदगी के बाद दोनों मामलों में संबंधित थानों को भी सूचना भेज दी गई है।

सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने प्रदेश के अन्य जिलों में कितनी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।

Related posts