रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर नहर पुल के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में महराजगंज थाने में तैनात एक होमगार्ड समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में होमगार्ड का पैर का अंगूठा कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरे बाइक सवार का पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार चंदापुर पुरानी बाजार निवासी सूर्य प्रकाश शनिवार को सब्जी खरीदने के लिए चंदापुर बाजार आए थे।
खरीदारी के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंदापुर नहर पुल के निकट उनकी बाइक की सामने से आ रही महराजगंज थाने में तैनात होमगार्ड सुरेश कुमार की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि होमगार्ड सुरेश कुमार के पैर का अंगूठा कटकर अलग हो गया और उनके पैर में गंभीर चोटें आईं।
वहीं सूर्य प्रकाश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संजय राय ने बताया कि सूर्य प्रकाश के पैर में फ्रैक्चर है, जबकि होमगार्ड सुरेश कुमार को सीने में तेज दर्द की शिकायत होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
