धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित क्षेत्र के अग्रणी शिक्षा संस्थान राम कुमारी देवी न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल तेजगांव में गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री एवं गांधी जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य श्री इंद्र विक्रम सिंह जी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के माध्यम से किया। तत्पश्चात संस्थान के शिक्षक – शिक्षिकाओं सहित विद्यार्थियों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अगली कड़ी के रूप में कक्षा 9 की छात्रा सृष्टि ने शानदार भाषण के माध्यम से गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री के कार्यों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
तत्पश्चात सामाजिक विज्ञान के विद्वान शिक्षक श्री देवेंद्र सिंह जी ने गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने स्लोगन राइटिंग कंपटीशन में बढ़ चढ़करभाग लिया। एल के जी के विद्यार्थियों द्वारा गांधी जी की नैतिक शिक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के रूप में सुसज्जित विद्यार्थी आकर्षण के मुख्य केंद्र रहे। अंत में प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य जी ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के उपायों को आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, सत्यता, ईमानदारी,मेहनत और अनुशासन प्रियता जैसे सद्गुणों को लाल बहादुर शास्त्री जी से ग्रहण करनी चाहिए।
अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य जी ने समस्त विद्यालय परिवार को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती की अनंत हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान कीं।
