क्रॉप कटिंग कराकर धान की उत्पादकता का किया आकलन।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली, 03 नवम्बर 2026। धान की वास्तविक पैदावार का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को सदर तहसील क्षेत्र के विकासखंड राही की ग्राम राही पहुंचकर अपनी देखरेख में क्रॉप कटिंग कराई। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत चार अलग-अलग खेतों में फसल कटाई का प्रयोग कर धान की उत्पादकता का आकलन किया गया।

क्रॉप कटिंग के दौरान निर्धारित त्रिकोणीय क्षेत्र में धान की फसल काटकर उसका वजन किया गया। इसमें गाटा संख्या 2239 में 31.600 किलोग्राम उपज के आधार पर 73 कुंतल प्रति हेक्टेयर, गाटा संख्या 1916 में 16.100 किलोग्राम के आधार पर 37 कुंतल, गाटा संख्या 554 में 19.450 किलोग्राम के आधार पर 45 कुंतल तथा गाटा संख्या 2098 में 26 किलोग्राम उपज के आधार पर 60 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता दर्ज की गई।

जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए फसल की पैदावार का आकलन किया। उल्लेखनीय है कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से रैंडम आधार पर खेतों का चयन कर फसलों की वास्तविक उत्पादकता निर्धारित की जाती है। इसी के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में बीमा लाभ उपलब्ध कराया जाता है।

इस दौरान किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा कराने के लिए भी जागरूक किया गया।इस मौके पर तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक हरीलाल, लेखपाल अवनीश प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय किसान मौजूद रहे।

Related posts