रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनगणना-2027 के तहत स्वगणना प्रक्रिया को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला मुख्यालय पर भव्य बाइक रैली निकाली गई। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित करीब 500 बाइक सवारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर सिविल लाइन चौराहा, गोल चौराहा, रतापुर चौराहा और त्रिपुला चौराहा होते हुए जहानाबाद चौकी बस स्टॉप से गुजरकर राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को स्वगणना के महत्व और उपयोगिता की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
रैली के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वगणना करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वगणना के माध्यम से लोग स्वयं अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, आशुतोष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
