क्रासर— एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंसने को मजबूर, लाखों का ठेका उठाने वाली नगर पंचायत की व्यवस्था नदारद; सड़क की पटरी बनी टैक्सी चालकों का पार्किंग स्थल, आखिर किसकी शह पर चल रहा खेल?
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली।कस्बे का चंदापुर चौराहा इन दिनों यातायात व्यवस्था की बदहाली का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। सड़क की पटरी पर कब्जा जमाए खड़े टैक्सी वाहनों ने चौराहे को अवैध स्टैंड में तब्दील कर दिया है। नतीजा यह कि राहगीरों से लेकर स्कूली वाहन और मरीजों को लेकर दौड़ने वाली एंबुलेंस तक जाम में फंसने को मजबूर हैं।
चौराहे के समीप सीएचसी अस्पताल होने के बावजूद यातायात व्यवस्था सुधारने की सुध किसी जिम्मेदार को नहीं है।हैरानी की बात यह है कि नगर पंचायत पूरे सुखई मेला मैदान में सरकारी टैक्सी स्टैंड का स्थल दर्शाकर लाखों रुपये में ठेका उठाती है, लेकिन टैक्सी वाहनों का जमावड़ा चंदापुर चौराहे की सड़क पर दिखाई देता है।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि सरकारी स्टैंड के नाम पर ठेका किस व्यवस्था के लिए उठाया गया और सड़क पर अवैध पार्किंग किसके संरक्षण में संचालित हो रही है?ठेके के नाम पर लाखों का कारोबार, लेकिन यात्रियों के लिए न बैठने की व्यवस्था, न पेयजल, न शौचालय और न ही व्यवस्थित पार्किंग। सड़क की पटरी पर वाहन खड़े कराकर यातायात बाधित करना क्या नगर पंचायत की जिम्मेदारी का हिस्सा है?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी? आखिर सड़क को टैक्सी स्टैंड बनाने वालों पर कार्रवाई कब होगी और सरकारी ठेके की शर्तों का पालन कौन कराएगा? फिलहाल चंदापुर चौराहे पर जनता जाम झेल रही है और जिम्मेदारों की खामोशी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
