Balrampur: संचारी रोग नियंत्रण अभियान में हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजन

धारा लक्ष्य समाचार

विनय कुमार बलरामपुर ब्यूरो चीफ संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सोमवार को ग्राम बनकटवा ब्लॉक उतरौलामें विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सी. पी. सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में डॉ. सी. पी. सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, “संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस आदि से बचाव के लिए साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है। घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें, समय-समय पर जलजमाव वाली जगहों पर दवा का छिड़काव करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें।” उन्होंने यह भी बताया कि “बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और स्वयं इलाज न करें।”

कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष उपाध्याय, डॉ. अमरेंद्र कुमार, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि अंशुमान मिश्रा,वीरेंद्र कुमार गौड़, ग्राम की आशा कार्यकर्ता कामना देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जुगरा ग्राम प्रधान शायरा बनो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि अंशुमान मिश्रा ने भी ग्रामीणों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के लिए पम्पलेट वितरित किए और साफ-सफाई के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने स्वच्छता शपथ भी दिलाई और हर ग्रामीण से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।

Related posts