धारा लक्ष्य समाचार
मनोज चौधरी जिला प्रभारी शामली
शामली। सोमवार को शहर के बीएसएम स्कूल में साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी रामसेवक गौतम ने साइबर अपराध के खतरों और उनसे बचाव के तरीकों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
उन्होने कहा कि जैसे कि फिशिंग, हैकिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी आदि से सचेत रहे। उन्होंने पुलिस लाइन द्वारा 2024 में लागू किए गए नए अधिनियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी और बताया कि नए कानून का मुख्य उद्देश्य संपत्ति से संबंधित अपराधों, शरीर पर आघात से जुड़े मामलों तथा तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
एसपी गौतम ने बच्चों को सरल भाषा में समझाया कि कैसे इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। आज के समय में अंजान लिंक पर क्लिक न करना, मजबूत पासवर्ड रखना और किसी भी संदेह जनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी समझाया कि कैसे आज के डिजिटल युग में छोटी सी लापरवाही भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करना चाहिए।
उनका यह प्रेरणादायक और जानकारी पूर्ण संबोधन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राहुल चौधरी, मैनेजर छाया सिंह, चैयरमेन सूर्यवीर सिंह, उप प्रधानाचार्या आशु पंडित आदि मौजूद रहे।

