Amethi UP: रणञ्जय इंटर कॉलेज ठेंगहा में आयोजित हुआ मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम

सीओ अमेठी मनोज मिश्रा और थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के द्वारा किया गया छात्राओं को जागरूक 

रिपोर्ट रवि प्रकाश द्विवेदी अमेठी

अमेठी। महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को और मजबूती देने के उद्देश्य से रणञ्जय इंटर कॉलेज, ठेंगहा में मंगलवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की कमान सीओ अमेठी मनोज मिश्रा ने संभाली। इस मौके पर संग्रामपुर थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह, कॉलेज के प्रधानाचार्य जय प्रकाश द्विवेदी, उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान संजय सिंह, महिला कांस्टेबल, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएँ मौजूद रहीं।

सीओ मनोज मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मिशन शक्ति केवल अभियान नहीं, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प है। हमारा लक्ष्य है कि हर बेटी आत्मविश्वास के साथ से आगे बढ़े और अपने अधिकारों की रक्षा करने में सक्षम बने।”

उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके, महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

थाना संग्रामपुर प्रभारी अखिलेश सिंह ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।

प्रधानाचार्य जय प्रकाश द्विवेदी ने छात्राओं से अपील की कि वे मिशन शक्ति के संदेश को समाज में फैलाएँ और महिलाओं के सम्मान व स्वाभिमान की अलख जगाएँ।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अधिकारियों से संवाद कर अपने प्रश्नों के उत्तर पाए। कॉलेज परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और कार्यक्रम ने छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास व जागरूकता का संचार किया।

Related posts