अजय कैमिस्ट पर मारा छापा, मेडिकल स्टोर संचालकों में खलबली
संग्रामपुर/अमेठी।जिले में औषधि विभाग की टीम ने अवैध व बिना लाइसेंस दवा बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्र ने संग्रामपुर थाना क्षेत्र के विशेरगंज बाजरा बाजार में स्थित अजय कुमार कैमिस्ट पर छापा मारा।
अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान दवाओं के स्टॉक, बिल व लाइसेंस से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की गई। टीम ने संदिग्ध दवाओं के नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए।
ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्र ने बताया कि बिना वैध दस्तावेज या लाइसेंस के दवा बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य संचालकों को भी नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
कार्रवाई के बाद से इलाके के मेडिकल व्यवसायी सतर्क नजर आ रहे हैं।

