Amethi UP : बड़ी लापरवाही : सड़क के किनारे फेंकी गई इन लाखों की एक्सपायरी दवाइयों का जिम्मेदार कौन?

 

अमेठी। जिले के कस्बा अमेठी स्थित बाईपास के पास सड़क किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाइयां मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब सड़क किनारे पड़ी दवाइयों के ढेर को देखा, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी।

मौके पर पहुंचने वालों ने देखा कि वहां जीवन रक्षक इंजेक्शन, पौरुष वर्धक दवाएं, ग्लूकोज की बोतलें और ताकत बढ़ाने वाले सिरप भारी मात्रा में फेंके गए थे। बताया जा रहा है कि सभी दवाएं करीब दो वर्ष पहले एक्सपायर हो चुकी हैं, जो किसी निजी मेडिकल स्टोर की बताई जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दवाओं को नष्ट करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाने के बजाय सड़क किनारे फेंक देना बेहद लापरवाही भरा कदम है। इससे बच्चों और आवारा जानवरों के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार कुछ राहगीर ग्लूकोज की बोतलें और सिरप अपने घर भी उठा ले गए, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ये दवाइयां किस मेडिकल स्टोर की हैं और इन्हें खुले में क्यों फेंका गया।

Related posts