Sitapur Uttar Pradesh: सीतापुर पुलिस की दोहरी कार्रवाई: एसपी ने रामपुर मथुरा थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण, महमूदाबाद पुलिस ने चोरी के वांछित अभियुक्त को दबोचा, ₹4300 नकदी की बरामद

महिला सुरक्षा पर फोकस — मिशन शक्ति केन्द्र के प्रभावी संचालन व त्वरित निस्तारण के निर्देश

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। जिले में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था और अपराध नियंत्रण दोनों मोर्चों पर प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली। एक ओर एसपी ने थाना रामपुर मथुरा का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और मिशन शक्ति केन्द्र की गहन समीक्षा की, वहीं दूसरी ओर उनके निर्देशन में थाना महमूदाबाद पुलिस ने चोरी के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर सराहनीय सफलता अर्जित की।

निरीक्षण के दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल ने कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष सहित पूरे थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध, त्यौहार, विवेचना, फ्लाई शीट आदि रजिस्टरों के रख-रखाव की स्थिति की जांच करते हुए सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला पीड़िताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें शासन की प्राथमिकता वाले इस केन्द्र का अधिकतम लाभ मिल सके।

वहीं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महमूदाबाद पुलिस ने चोरी के वांछित अभियुक्त मो0 आजम खान उर्फ हस्सान अतीक पुत्र मो0 अतीक खान निवासी सुभाष नगर को अमीरगंज कर्बला से आज सुबह गिरफ्तार किया। अभियुक्त पर 6 नवम्बर को वादी जुनेद पुत्र मुन्ना के घर से ₹8000 व जेवरात चोरी करने का आरोप था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से ₹4300 बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना महमूदाबाद पर मु0अ0सं0 412/2025 धारा 305ए/331(3)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेभर की पुलिस टीमों को निर्देश दिए हैं कि इसी प्रकार अपराधियों के खिलाफ सतत अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें।

Related posts