धारा लक्ष्य समाचार
सैय्यद जावेद क़ासिम
सीतापुर। विकासखंड बिसवां व पिसावां में क्षेत्र पंचायत स्तर पर हुए भारी वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मंच के जिला अध्यक्ष व अवध क्षेत्र कार्यकारी अध्यक्ष एस.के. तूफानी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।
तूफानी ने आरोप लगाया कि बिसवां व पिसावां दोनों विकासखंडों में एक ही बिल वाउचर अपलोड कर करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया गया। कई मामलों में बिना बिल अपलोड किए ही भुगतान किया गया, जो शासन के निर्देशों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यदि पूरे वित्तीय वर्ष के भुगतान की जांच कराई जाए तो करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आ सकता है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत के विभिन्न कार्यों के नाम पर एक ही सत्र में बार-बार भुगतान किया गया है, जिससे गंभीर भ्रष्टाचार की आशंका है। ज्ञापन में समस्त कार्यों व भुगतानों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट कृष्णानंद तिवारी को सौंपा गया, जिन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान वरिष्ठ सलाहकार एडवोकेट राजेश खन्ना, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला महासचिव अखिलेश गौतम, एडवोकेट संतोष कुमार, राकेश कुमार, सर्वेश गौतम, जागेश्वर वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

