SIR 2026 अभियान में उत्कृष्टता: बीएलओ सर्वजीत सम्मानित, भाजपा ने मतदाता सूची पर फैली अफवाहें दूर कीं
धारा लक्ष्य समाचार
सैय्यद जावेद क़ासिम
महमूदाबाद/सीतापुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत महमूदाबाद क्षेत्र में एक ओर जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर भाजपा जिला अध्यक्ष ने मतदाता सूची को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए लोगों को जागरूक किया।
सर्वश्रेष्ठ बीएलओ के रूप में सम्मानित हुए सर्वजीत
विधान सभा क्षेत्र 151 महमूदाबाद के बूथ संख्या 69 प्रा.वि. मदारपुर के बीएलओ एवं ग्राम रोजगार सेवक सर्वजीत ने SIR 2026 में सबसे पहले सौ प्रतिशत कार्य पूर्ण कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है।
गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन और ऑनलाइन फीडिंग का समस्त कार्य समयसीमा के भीतर पूरा कर उन्होंने जिले में मिसाल पेश की।
उनके इस सराहनीय प्रदर्शन पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उपजिलाधिकारी महमूदाबाद, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार महमूदाबाद तथा उपजिलाधिकारी (न्यायिक) ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान अधिकारियों ने अन्य बीएलओ को भी कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए और जिनकी प्रगति धीमी है, उनके लिए सहायक नियुक्त कर सहयोग उपलब्ध कराने की घोषणा की।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने खत्म की SIR से जुड़ी भ्रांतियां
दूसरी ओर इमलिया सुल्तानपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने SIR प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “मतदाता सूची से नाम कटने की अफवाहें बिल्कुल निराधार हैं।” SIR का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण, पात्र नए मतदाताओं का पंजीकरण और त्रुटियों का संशोधन है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना भ्रमित हुए अपने परिवार सहित गणना प्रपत्र भरें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रहें।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा, प्रेम नारायण मिश्र, जगदीश त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार राहुल अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने SIR अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।

