जिलाधिकारी बोले, अभी सटीक मिलान कर लेंगे तो आगे कम काम पड़ेगा
धारा लक्ष्य समाचार
बाराबंकी, विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 74 बीएलओ को शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से उनके अनुभवों, चुनौतियों और नवाचारों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
2003 सूची बीएलओ ऐप से मैप अभी का मिलान आगे काम कम करेगा
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची अब पूर्ण रूप से बीएलओ ऐप से मैप हो चुकी है। डीएम ने सभी बीएलओ से कहा कि वे इस मैपिंग का एक बार पुनः विस्तृत मिलान कर लें, जिससे मतदाता सूची को और अधिक त्रुटिरहित बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि अभी किया गया सटीक कार्य आगे की प्रक्रियाओं में समय और श्रम की बचत सुनिश्चित करेगा।
टीम बाराबंकी की ऊर्जा और सामूहिक प्रयास प्रशंसनीय
जिलाधिकारी ने कार्य में लगे सभी बीएलओ, सुपरवाइजर्स एवं संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि टीम बाराबंकी जिस निष्ठा, ऊर्जा और सामूहिक प्रयास से कार्य कर रही है वह अत्यंत प्रशंसनीय है। यही समर्पण SIR-2026 को सफल और परिणामपरक बनाएगा।

