Amethi UP : पूरे हरिराम तिवारी का पुरवा–गैरीकपुर मार्ग बदहाल, आवागमन में आ रही समस्याएं

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी।
अमेठी जनपद के भेटुआ ब्लॉक अंतर्गत पूरे हरिराम तिवारी का पुरवा से गैरीकपुर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार हो गया है। मार्ग पर जगह-जगह घास-फूस उग आई है और सड़क के किनारे बनी पटरी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से कई विद्यालयों व कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का प्रतिदिन आना-जाना होता है। साथ ही सुल्तानपुर जनपद में मजदूरी व रोज़गार के लिए जाने वाले सैकड़ों लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन फिसलन, गड्ढ़ों और उगी झाड़ियों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।जबकि इस मार्ग से सुल्तानपुर जाने के लिए अजमेर पुरवा, बालचंद्रपुर, उसका और अन्य कई गाँव के लोग आवागमन के लिए उपयोग करते हैं।

ग्रामीणों सत्यप्रकाश तिवारी, धर्मेंद्र तिवारी गोलू, बद्री कन्नौजिया, कुलदीप तिवारी, जगन्नाथ, सियाराम सहित दर्जनों लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मार्ग की साफ-सफाई कराई जाए, सड़क पर उगी घास हटाई जाए तथा गड्ढ़ों को पाटकर मार्ग को दुरुस्त कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों, मजदूरों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे मजबूरन उच्च अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करेंगे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

Related posts