धारा लक्ष्य समाचार पत्र
उपाध्यायपुर की टीम रही उपविजेता, शानदार प्रदर्शन के दम पर मुकेश ने “मैन आफ द सिरीज” पर जमाया अपना कब्जा।
विजेता टीम को 21000 और उपविजेता को 11000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।
संग्रामपुर/अमेठी। जनपद अमेठी के ब्लॉक संग्रामपुर अंतर्गत स्थित भुलई के पुरवा में आयोजित मां कालिका क्रिकेट प्रतियोगिता (KPL) का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला गया। फाइनल मैच पिंटू इलेवन और उपाध्यायपुर की टीम के बीच हुआ, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए पिंटू इलेवन की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
उपाध्यायपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिंटू इलेवन की टीम ने मात्र 7 ओवरों में ही 2 विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीत लिया। पिंटू इलेवन की ओर से मुकेश लेफ्टी ने 85 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता पिंटू इलेवन को 21 हजार रुपये, जबकि उपविजेता उपाध्यायपुर की टीम को 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुकेश लेफ्टी को फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बैट्समैन का खिताब दिया गया, वहीं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार शुभम पाण्डेय को मिला।
इस प्रतियोगिता का आयोजन रितेश सिंह, अम्बेश शुक्ला, रज्जन सिंह, विकास सिंह लोहा, अभय प्रताप सिंह, सुमित शर्मा, निशान सिंह एवं विकास पटेल द्वारा किया गया।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान संघ अध्यक्ष संजय सिंह (मुन्ना), प्रधान भवसिंहपुर रज्जू उपाध्याय, कांग्रेस नेता डॉ. अरविन्द चतुर्वेदी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, एडवोकेट सदाशिव पाण्डेय, सभाजीत शुक्ला, शैलेन्द्र सिंह डंपी, प्रधान गूंजीपुर अरविंद पाण्डेय, प्रधान संग्रामपुर रिंकू सिंह, राजा सिंह, अवधेश सिंह, बृजेंद्र सिंह लोहा, रुद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों और आयोजकों की जमकर सराहना की गई।

