बीएचयू में अत्याधुनिक सीटी सिम्युलेटर का उद्घाटन।


वाराणसी, 11 फरवरी 2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने सर सुंदरलाल चिकित्सालय के रेडियोथेरेपी एवं रेडिएशन मेडिसिन विभाग में अत्याधुनिक सीटी सिम्युलेटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा कैंसर मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे चिकित्सा शिक्षा व प्रशिक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
नई तकनीक से ट्यूमर की सटीक पहचान कर लक्षित विकिरण संभव होगा, जिससे स्वस्थ ऊतकों को कम नुकसान पहुंचेगा। संस्थान में ही सीटी सिम्युलेटर उपलब्ध होने से मरीजों की प्रतीक्षा अवधि घटेगी और समय पर उपचार शुरू किया जा सकेगा। यह सुविधा IMRT, IGRT, VMAT और स्टीरियोटैक्टिक जैसी उन्नत रेडियोथेरेपी तकनीकों का समर्थन करेगी।
इस अवसर पर कुलपति ने संत कबीर दास वार्ड का भी उद्घाटन किया तथा विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। समारोह में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
