विपक्ष का बजट पर प्रतिक्रया
बजट सिर्फ बड़े आंकड़ों और घोषणाओ का बजट है। –: विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा सपा पूर्व महानगर अध्यक्ष वाराणसी

वाराणसी 11 फरवरी उत्तर प्रदेश सरकार का वर्ष 2026–27 का बजट केवल बड़े आंकड़ों और घोषणाओं का बजट है, जमीन पर राहत देने वाला बजट नहीं। सरकार ₹9 लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश करती है, लेकिन महंगाई से परेशान आम आदमी की जेब को कोई राहत नहीं देती। बिजली, रसोई गैस, खाद्य वस्तुओं और रोजमर्रा के खर्चों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

रोजगार के नाम पर फिर लाखों नौकरियों का दावा किया गया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि युवाओं को स्थायी रोजगार कब मिलेगा। प्रदेश का युवा भर्ती प्रक्रियाओं की देरी और अस्थिर रोजगार व्यवस्था से परेशान है, और यह बजट उसकी चिंता दूर करने में असफल रहा है।
किसानों की लागत बढ़ रही है, आवारा पशुओं की समस्या गंभीर है, लेकिन किसानों की आय और सुरक्षा के लिए कोई मजबूत नीति नहीं दिखाई देती। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े दावे किए गए हैं, जबकि जमीनी स्थिति आज भी कमजोर है।
सच्चाई यह है कि यह बजट बड़े प्रोजेक्ट और प्रचार पर ज्यादा केंद्रित है, जबकि आम आदमी, किसान, युवा और छोटे व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता अब घोषणाएं नहीं, परिणाम चाहती है।
