Varanasi UP…पाँच दिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

पाँच दिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

वाराणसी हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बी.एड. चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों का पाँच दिवसीय भारत स्काउट और गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के बावन बीघा परिसर में दिनांक 17 मार्च 2026 को हुआ। यह शिविर 17 मार्च से 21 मार्च, 2026 तक संचालित होगा।
शिविर के प्रथम दिन आयोजित उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रो. अनुराधा राय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना एवं चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर सम्मानपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. अनुराधा राय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भारत स्काउट और गाइड के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया तथा वफादारी, नैतिकता, सहयोग, कर्तव्य एवं अनुशासन के विकास पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को देश एवं समाज की सेवा हेतु तत्पर रहने की प्रेरणा दी।
भारत स्काउट और गाइड की प्रशिक्षिका श्रीमती रितेशिनी मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्काउटिंग का वास्तविक उद्देश्य स्वयं के प्रति ईमानदारी रखते हुए समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।” उन्होंने आगे कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाता है और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. अनिल कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।
धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. दुर्गेश सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के राजेन्द्र प्रसाद, प्रशिक्षक निलेश जायसवाल, सुनील कुमार सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts