नाबालिग अपहृता सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।

वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया तथा मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अभय प्रताप अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चोरघट्टा पुल के पास ग्राम सरांवा से लगभग 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता (परिवर्तित नाम गुड़िया) को सकुशल बरामद किया गया। साथ ही आरोपी आकाश कुमार (23 वर्ष), निवासी दाँदूपुर जईपुर थाना कपसेठी को सुबह करीब 05:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी निर्देशों का पालन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। बरामद पीड़िता को मिशन शक्ति टीम की महिला कांस्टेबल की निगरानी में महिला हेल्प डेस्क पर रखा गया और उसके परिजनों को सूचित किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता से शादी करना चाहता था और दोनों घर से बिना बताए चले गए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम, उपनिरीक्षक विनय कुमार प्रजापति, उपनिरीक्षक अभय कुमार, महिला कांस्टेबल श्रद्धा अग्रहरि एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार यादव शामिल रहे।

