सांसद मनोज तिवारी ने किया रोटरी प्रीमियर लीग का शुभारंभ।
प्रधानमंत्री के खेलेगा इण्डिया तो खिलेगा इण्डिया मुहिम को रोटरी का प्रयास सराहनीय – मनोज तिवारी


वाराणसी। रोटरी क्लब बनारस द्वारा आयोजित रोटरी प्रीमियर लीग (आरपीएल) 3120 का बुधवार को सिगरा स्थित सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य अतिथि सांसद एवं सुप्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी एवं शहर के मेयर अशोक तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर 5 दिनों तक चलने वाले पहले रोटरी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस मौके पर मनोज तिवारी ने पिच पर चौके छक्के भी जड़े।इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध के साये में जी रही है, वहीं बनारस रोटरी क्रिकेट की मस्ती में डूबी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलेगा इण्डिया तो खिलेगा इंडिया की मुहिम को रोटरी क्लब बनारस ने आगे बढ़ाने में सराहनीय कदम उठाया है। खेल कूद के लिए रोटरी का यह प्रयास सुनहरे पन्नो पर लिखा जायेगा। महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि क्रिकेट का यह आयोजन कर रोटरी बनारस पूरे प्रदेश का सबसे श्रेष्ठ रोटरी क्लब बन गया है। रोटरी गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया।संचालन सलाहकार आलोक पारिख एवं धन्यवाद ज्ञापन रोटरी बनारस के अध्यक्ष विजय जायसवाल ने दिया। कार्यक्रम में रतिशंकर त्रिपाठी, अम्बरीश सिंह भोला, डॉ. कर्मराज सिंह आदि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि मनोज तिवारी द्वारा लीग के शुभारंभ की घोषणा के उपरांत पूरे मैदान में दस मिनट तक भव्य आतिशबाजी की गई, साथ ही रंग बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गये। पीयूष मिश्रा द्वारा आरपीएल सांग प्रस्तुत किया गया। लीग का उदघाटन मुकाबला रोटरी क्लब डाउनटाउन एवं रोटरी क्लब बनारस शाइन के बीच खेला गया। इसके बाद रॉयल्स वॉरियर बनाम रोटरी क्लब अकेडमीया, रोटरी क्लब एलीट बनाम रोटरी क्लब मिर्जापुर और रोटरी क्लब काशी बनाम रोटरी क्लब ग्रेटर के बीच हुआ। लीग मुकाबले में 16 टीमों के बीच कुल 25 मैच खेले जाएंगे। अजय राय एवं आरपी गुप्ता अंपायर रहे, स्कोरिंग नंदू यादव एवं कॉमेंटेटर शुभान हसन खान ने किया।
