Varanasi UP….52 दिन से लापता युवक, एफआईआर तक दर्ज नहीं।

52 दिन से लापता युवक, एफआईआर तक दर्ज नहीं।

परिवार ने 72 घंटे में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी।

वाराणसी आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवान गंज मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय रिषभ मौर्य बीते 11 फरवरी से लापता हैं, लेकिन 52 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है। इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं और प्रशासनिक कार्यवाही पर संदेह जताया है।
परिजनों के अनुसार, रिषभ मौर्य 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे एसएससी परीक्षा देने के लिए झूंसी, प्रयागराज जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार ने कई बार स्थानीय पुलिस से गुहार लगाई, साथ ही कमिश्नर और मुख्यमंत्री आवास पर भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत का भी निस्तारण दिखा दिया गया, जबकि रिषभ का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इससे परिवार में आक्रोश और निराशा दोनों बढ़ गए हैं।
रिषभ के पिता अंबिका मौर्य, जो कि भाजपा के बूथ अध्यक्ष और एक सम्मानित व्यापारी हैं तथा पहड़िया व्यापार मंडल के सदस्य भी हैं, ने आरोप लगाया कि संदिग्ध व्यक्ति पर संदेह जताने के बावजूद पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। परिवार का कहना है कि वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की

Related posts