नशामुक्त प्रदेश के संकल्प के साथ वाराणसी में 4 अप्रैल को निकलेगी विशाल पदयात्रा।
वाराणसी, नशामुक्त भारत, खुशहाल भारत एवं अपराध मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन, शाखा-वाराणसी (काशी) द्वारा 4 अप्रैल 2026, शनिवार को एक विशाल नशामुक्त पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा बीएचयू सिंह द्वार से प्रारंभ होगी, जिसमें हजारों की संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं नगरवासी शामिल होकर समाज को नशामुक्त परिवार एवं अपराध मुक्त समाज का संदेश देंगे।
पदयात्रा के माध्यम से नशामुक्ति का शंखनाद करते हुए सरकार से नशामुक्त प्रदेश बनाने की मांग भी उठाई जाएगी। कार्यक्रम में पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम से संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष शक्ति स्वरूप बहन पूजा शुक्ला , केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी एवं चेतना आरूणी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस आयोजन को शहर के संत-महात्माओं, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं एवं प्रशासन का व्यापक सहयोग प्राप्त होगा। आयोजन समिति ने बताया कि यह अभियान समाज में जागरूकता लाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
संगठन की ओर से मीडिया संस्थानों से अपील की गई है कि वे अपने पत्रकार एवं छायाकार को कार्यक्रम में भेजकर इस जनहितकारी पहल को व्यापक कवरेज प्रदान करें, ताकि नशामुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।


