काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट की बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन।

वाराणसी। काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट के सत्र 2026-28 के लिए चयनित ट्रस्ट बोर्ड सदस्यों की प्रथम कार्यकारिणी बैठक हरि विलास, सिद्धगिरी बाग, वाराणसी में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ औपचारिक कार्यवाही के साथ हुआ, जिसमें पिछली बैठक की पुष्टि, लिए गए निर्णयों की समीक्षा तथा निवर्तमान मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल रस्तोगी का अध्यक्षीय उद्बोधन शामिल रहा। सचिव राजेश सोनी एवं कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र रस्तोगी ने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, साथ ही अंकेक्षित आय-व्यय विवरण भी सदन के समक्ष रखा गया।
बैठक का मुख्य आकर्षण सत्र 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन रहा। सर्वसम्मति से अनिल के. जाजोदिया को मैनेजिंग ट्रस्टी, पंकज अग्रवाल को सचिव एवं मनीष अग्रवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त अनिल रस्तोगी, शैलेन्द्र रस्तोगी, विपुल शंकर पंड्या, राजेश सोनी, वरुण मूंदड़ा एवं जैनेन्द्र नाहर को ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य के रूप में चयनित किया गया।
नव-निर्वाचित मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल के. जाजोदिया ने अपने संबोधन में ट्रस्ट की भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में कुशल नेतृत्व को बढ़ावा देना है। इसी दिशा में आगामी समय में लीडरशिप कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, संगोष्ठियां, सम्मान समारोह एवं व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने सेवा कार्यों के विस्तार और अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंच बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों के गठन पर विचार-विमर्श किया गया तथा ट्रस्ट के सहयोग से हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में संचालित होम्योपैथी विभाग की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।
अंत में सभी सदस्यों ने ट्रस्ट के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। स्वागत राजेश सोनी द्वारा एवं धन्यवाद ज्ञापन पंकज अग्रवाल द्वारा किया गया।

