Varanasi UP…बनारस यूथ थिएटर के कुशल का हुआ सम्मान।

बनारस यूथ थिएटर के कुशल का हुआ सम्मान।

वाराणसी की युवा नाट्य संस्था बनारस यूथ थिएटर के कुशल दूबे को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की एक मात्र नाट्य प्रशिक्षण संस्था भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ अपना 50 वॉं वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर रविवार को विभिन्न कला क्षेत्र फ़िल्म, ओटीटी, रंगमंच, गायन, नृत्य से जुड़े राज्य के 15 अत्यंत प्रभावशाली कलाकारों का सम्मान किया गया।
जौनपुर निवासी कुशल दुबे ने रंगमंच की शुरुआत बनारस से ही की। विद्यापीठ से नाट्य डिप्लोमा, तत्पश्चात उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे के सानिध्य मे 2 वर्ष अभिनय एवं रंगमंच का प्रशिक्षण प्राप्त किया और इनके निर्देशन में कई नाटकों में अभिनय किया। तत्पश्चात कुशल ने भारतेन्दु नाट्य अकादमी से अभिनय का शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त किया। 2018 में कुशल दूबे नेशनल स्कालरशिप फॉर यंग आर्टिस्ट पुरस्कार के लिए भी चुने गए थे। वाराणसी में रहते हुए कुशल ने स्व. डॉ राजेन्द्र उपाध्याय, आकाश देवराज डॉ शुभ्रा वर्मा एवं पारितोष भट्टाचार्य जी के निर्देशन में भी नाटकों में अभिनय किया हैं। वर्तमान में कुशल दूबे अभिनय के क्षेत्र में ओटीटी, शोर्ट फ़िल्म एवं फिल्म जगत का जाना माना चेहरा हैं। ऐस टैग के नाम से संचालित यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर इनके लाखों फ़ॉलोवर्स हैं। इनके द्वारा अभिनीत फ़िल्म “मुँह दिखाई” यूट्यूब पर ट्रेंडिंग में रही है। बनारस यूथ थिएटर के सह-संस्थापक हैं एवं ऐस टैग के संस्थापक हैं। इनके द्वारा अभिनीत फ़िल्म का कांस फ़िल्म फेस्टिवल में भी चयन हुआ है। साथ ही ये कई सारी फ़िल्में और वेबसीरीज कर चुके हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।
बनारस यूथ थिएटर के संस्थापक उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे ने बताया कि कुशल दूबे अत्यंत प्रतिभाशाली, ऊर्जावान, मेहनती और साहसी कलाकार हैं। उनका अभिनय हमेशा से ही दर्शकों को आकर्षित करता रहा है। बनारस यूथ थिएटर परिवार कुशल की इस उपलब्धि से बहुत खुश हैं एवं उनके भविष्य में इससे अधिक उपलब्धियों की कामना करते हैं।

Related posts