पैनेसिया हॉस्पिटल ने लगाए रंगदारी और उत्पीड़न के आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
वाराणसी। कबीर नगर, दुर्गाकुंड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल की निदेशक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी ओझा ने आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व अस्पताल की छवि धूमिल करने तथा अवैध वसूली के उद्देश्य से चिकित्सकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक पुराने मरीज से जुड़े मामले को लेकर पिछले दो वर्षों से अस्पताल पर दबाव बनाया जा रहा है और कथित रूप से 50 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
डॉ. ओझा के अनुसार 9 जून को कुछ लोगों ने अस्पताल के बाहर आकर हंगामा किया, जिससे अस्पताल का कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि मामले की जांच सीएमओ स्तर पर चल रही है। अस्पताल प्रशासन ने जिला प्रशासन एवं भेलूपुर पुलिस से चिकित्सकों और अस्पताल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
