मानकों को दरकिनार कर बनाई जा रही सड़क, ग्रामीणों ने रुकवाया निर्माण कार्य

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। लालगंज तहसील क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। लालगंज से डकौली जाने वाले मार्ग पर सिंचाई विभाग की पुरवा ब्रांच नहर की पटरी पर करीब 22 लाख रुपये की लागत से दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार न तो ठीक से सफाई कराई गई और न ही निर्माण में जरूरी तकनीकी मानकों का पालन किया जा रहा है। सड़क पर तारकोल का उचित इस्तेमाल नहीं किया जा रहा, वहीं कंप्रेसर मशीन का भी सही ढंग से प्रयोग नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शुरुआत से ही निर्माण में लापरवाही बरती गई तो लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क जल्द ही खराब हो सकती है।

ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई है। विरोध जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क की सुविधा मिल सके। अब विभागीय जांच और अधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार है।

Related posts