आर्केस्ट्रा देखने गए 17 वर्षीय किशोर का नाले में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

जगतपुर/रायबरेली। आर्केस्ट्रा देखने गए 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामला जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह के पुरवा का है। जानकारी के मुताबिक, किशोर आर्केस्ट्रा देखने गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसकी कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित नाले में उसका शव पड़ा दिखाई दिया।घटना की सूचना मिलते ही जगतपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

किशोर की संदिग्ध मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए घटना का खुलासा करने की मांग की है। हालांकि, किशोर की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Related posts