घर के दरवाजे पर दबंगों ने दौड़ाया ट्रैक्टर, अधेड़ को कुचलकर किया घायल, वीडियो वायरल

सलोन के ममुनी गांव में आधी रात को हुई घटना, पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र के ममुनी गांव में दबंगों द्वारा एक अधेड़ व्यक्ति के घर के दरवाजे पर ट्रैक्टर दौड़ाकर तोड़फोड़ और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि ट्रैक्टर से घर के सामने रखे कृषि उपकरणों को तोड़ने के साथ ही करीब 50 वर्षीय अधेड़ को कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलोन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पीड़ित लवलेश पटेल के मुताबिक, बीती गुरुवार की रात ममुनी गांव के अमन यादव, अमित यादव और जय सिंह यादव ट्रैक्टर लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर के सामने रखे कल्टीवेटर, रोटावेटर और लकड़ी के तख्त पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसी दौरान उनके पिता रामनरेश के ऊपर भी ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।मामले में लवलेश पटेल ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सलोन कोतवाली में नामजद तहरीर दी है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related posts