धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में अपने दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति को कथित रूप से गलत तरीके से नामजद किए जाने का आरोप लगाते हुए एक बुजुर्ग महिला ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का दावा है कि घटना के समय उनके बेटे मौके पर मौजूद नहीं थे,
जबकि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद है।पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में करीब 65 वर्षीय सूर्यकली ने बताया कि 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब ढाई बजे ऊंचाहार क्षेत्र के नारायण अस्पताल में कुछ लोगों और महिलाओं के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी।
आरोप है कि इस मामले में उनके बेटे दीपक, रामराज और सूरज पासी के खिलाफ ऊंचाहार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 315/2026 दर्ज कराया गया है।महिला के अनुसार, घटना के समय उनका बेटा दीपक मदारीगंज में दवा लेने गया था, जबकि दूसरा बेटा रामराज और सूरज पासी गवागंज रोड स्थित कोरौली के पास नेग मांगने गए थे।
उन्होंने दावा किया कि मोबाइल लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से तीनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।बुजुर्ग महिला ने पुलिस प्रशासन से अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
साथ ही निर्दोष होने का दावा करते हुए अपने बेटों और सूरज पासी को मुकदमे से बाहर किए जाने की गुहार लगाई है।
